काकी माँ अचार: पीढ़ियों का स्वाद
कुछ स्वाद ऐसे होते हैं जो सिर्फ ज़ुबान पर नहीं, यादों में बस जाते हैं।मेरे लिए वह स्वाद है — घर का आम का अचार।
मैं एक मैथिल परिवार में बड़ी हुई हूँ, जहाँ गर्मियों का मतलब होता था छत पर सूखते हुए कच्चे आम के टुकड़े। जैसे ही आम का मौसम आता, घर एक छोटे से उत्सव में बदल जाता। माँ आम काट रही होतीं, रसोई से मसालों की खुशबू उठ रही होती, और हम बच्चे पेड़ से आम तोड़ते समय आम गिनते थे… कैलोरी नहीं।
फिर शुरू होती थी पूरे मोहल्ले की एक छोटी-सी छुपी हुई होड़ —किस घर का अचार सबसे पहले बनेगा।
किसी की छत पर मर्तबान धूप सेंक रहे होते, तो किसी के आँगन में मसाले सूख रहे होते। हर घर का अपना तरीका, अपना स्वाद।
हर साल माँ बड़े-बड़े मर्तबान भर देती थीं। उस समय समझ नहीं आता था, लेकिन आज लगता है कि वह सिर्फ अचार नहीं था —वह माँ के प्यार का स्वाद था।
फिर समय बदला।
पढ़ाई हुई, शादी हुई और मैं एक नए शहर चली गई। लेकिन एक परंपरा कभी नहीं बदली। हर गर्मी में माँ किसी न किसी के हाथों एक मर्तबान अचार ज़रूर भिजवा देती थीं। दूरियाँ चाहे जितनी भी हों, माँ का प्यार अपना रास्ता ढूँढ़ ही लेता था।
फिर एक समय ऐसा आया कि अचार अपने आप आना बंद हो गया।
दूरी की वजह से नहीं।
बल्कि इसलिए क्योंकि जिन हाथों का जादू अचार में स्वाद भर देता था… वे ही अब इस दुनिया में नहीं रहे।
उस खाली जगह को भरना आसान नहीं था। फिर भी मैंने कोशिश की। मैंने माँ का पुराना वैशाली वाला लंबा रजिस्टर निकाला — वही जो उनकी अचार की किताब थी, जो उन्हें उनकी माँ से मिली थी। मैंने उसी से अचार बनाने की कोशिश की।
विधि तो थी, लेकिन वह स्वाद नहीं था।
मैंने बाज़ार के कई ब्रांड भी आज़माए, जो खुद को सबसे बेहतर कहते हैं। लेकिन बचपन वाले अचार का स्वाद कहीं नहीं मिला।
फिर कई सालों बाद मैं अपनी काकी माँ के घर गई। जैसे ही उन्होंने मेज़ पर आम का अचार रखा, उसकी खुशबू से ही अंदाज़ा हो गया।
मैंने एक निवाला लिया… और जैसे फिर से अपने बचपन की गर्मियों में पहुँच गई। वही स्वाद, वही खुशबू, वही प्रेम — बिल्कुल माँ जैसा।
इस बार मैंने उनसे विधि नहीं माँगी।
मैंने बस इतना कहा —“
काकी माँ, मुझे सिखाइए। हम साथ में बनाएँगे।”
उस गर्मी हमने मिलकर बड़े-बड़े मर्तबान भरे। आम काटे गए, धूप में सुखाए गए, मसाले जाँते पर पीसे गए। हर कदम पर एक पुरानी परंपरा फिर से ज़िंदा हो रही थी।
शहर लौटकर मैंने थोड़ा अचार अपने दोस्तों को चखाया। उनकी आँखों ने ही बता दिया — उन्हें भी वही बचपन का स्वाद मिल गया था। मैंने उन्हें अचार के मर्तबान दिए, और धीरे-धीरे बचपन का वही स्वाद फिर से चखने की माँग बढ़ने लगी।
तब मैंने काकी माँ से पूछा —“क्यों न यह स्वाद हर घर तक पहुँचाया जाए?”
काकी माँ तैयार थीं।
उन्होंने अपनी छोटी-सी अचार सेना बना ली। कुछ दीदियाँ मदद के लिए आ गईं। मौसम में पेड़ों से कच्चे आम तुड़वाए गए, दिन-भर बैठकर आम काटे गए और धूप में सुखाए गए।
रसोई के बाहर का काम मैंने संभाला — हिसाब-किताब, पैकेजिंग, ट्रांसपोर्ट और मार्केटिंग। हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है।
लोग कहते हैं कि व्यापार शुरू करना मुश्किल होता है।
सच कहूँ तो हाँ, मेहनत बहुत करनी पड़ती है।लेकिन जब काम में आनंद हो, तो मुश्किल कैसी?
इसी तरह जन्म हुआ “काकी माँ अचार” का।
हम पहला अचार ब्रांड नहीं हैं।लेकिन हम एक अपनापन और प्रेम से भरा हुआ ब्रांड ज़रूर हैं।
हमारा लक्ष्य?
काकी माँ के हाथों का असली, घर जैसा अचार हर घर तक पहुँचाना — आप तक पहुँचाना।
